संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। क्षेत्र के गांव धुंधला में एक दुकान में वीरवार रात के समय चोरी की वारदात सामने आई है। अश्विनी कुमार पुत्र डॉ. रामकृष्ण सोनी की दुकान को शरारती तत्वों ने निशाना बनाया। कुछ दिन पहले भी चोरों ने इसी दुकान में चोरी का प्रयास किया था। दुकान से लगभग एक लाख रुपये की संपत्ति चोरी हो गई है। पीड़ित दुकानदार अश्विनी कुमार ने तुरंत स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, कुछ दिन पहले हुई चोरी की घटना में अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिला है। चोरी के बाद दुकान के गल्ले (कैश बॉक्स) जमानी माता मंदिर के पीछे पड़े हुए पाए गए। चोरों ने पूरी योजना के साथ इस वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित अश्विनी कुमार ने प्रशासन और पुलिस से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द चोरों को पकड़कर उचित कार्रवाई की जाए और उन्हें न्याय दिलाया जाए। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द आरोपियों को दबोचा जाएगा।