नहीं सुधरी विद्युत सप्लाई तो होगा घेराव : कारोबारी
संवाद न्यूज एजेंसी
मैहतपुर (ऊना)। स्थानीय बाजार के कारोबारी शुक्रवार को विद्युत आपूर्ति बहाल होने का करीब पांच घंटे तक इंतजार करते रहे, लेकिन विद्युत आपूर्ति जब शाम तक नहीं आई तो अपने दुकानें बंद करके घरों को लौट गए। मैहतपुर बसदेहड़ा व्यापार मंडल ने खुले तौर पर विद्युत बोर्ड को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर आने वाले दिनों में ऐसा होता है तो एसडीओ कार्यालय का घेराव किया जाएगा। मैहतपुर बसदेहड़ा व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुभाष ऐरी नोनू ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार को करीब 03:15 बजे मुख्य बाजार में अचानक बिजली गुल हो गई। स्थानीय कारोबारियों ने सोचा कि कुछ देर में शायद आ जाएगी। इसी इंतजार में पांच घंटे बीत गए, लेकिन बिजली सप्लाई बहाल नहीं हो पाई। सुभाष ऐरी नोनू के अनुसार देर शाम करीब 08:15 बजे बिजली सप्लाई बहाल हो पाई। इन पांच घंटों में किराना तथा कन्फेक्शनरी के कारोबारियों के रेफ्रिजरेटर बंद रहे, जिसके चलते उनका काफी सामान खराब हो गया। फोटोग्राफी का कारोबार ठप रहा, लैब तथा विद्युत सप्लाई से चलने वाले कारोबार पर विपरीत प्रभाव पड़ा और कारोबारी को खासा नुकसान उठाना पड़ा।
व्यापार मंडल के पदाधिकारी ने कहा कि मुख्य बाजार में विद्युत बोर्ड की सप्लाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है। इस दिशा में विद्युत बोर्ड ने सुधार की दिशा में जल्द कोई कदम न उठाए तो मजबूरन व्यापार मंडल को एसडीओ कार्यालय का घेराव करना पड़ेगा। व्यापार मंडल अध्यक्ष ने कहा कि बाजार में विद्युत सप्लाई ठप होने से न केवल कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ता है, बल्कि उपभोक्ताओं को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। विद्युत उपमंडल मैहतपुर के एसडीओ कुशल कुमार ने कहा कि लाइन में मेजर फाल्ट आने से बिजली सप्लाई बंद हुई, उसे दुरुस्त कर बिजली सप्लाई बहाल कर दी गई।