ऊना। जिला पुलिस ने सुनार की दुकान से सोने का डोबा चोरी करने के मामले को सुलझाते हुए मुख्य आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी हुए सोने में से करीब 30 ग्राम सोना बरामद कर लिया है। बरामदगी चोरी हुए माल की करीब आधी बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 जुलाई को थाना सदर ऊना के तहत आभूषण बनाने की दुकान के मालिक ने करीब 78 ग्राम सोने का जीपीसी (गोल्ड प्लेटिंग केमिकल)/डोबा चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी की पहचान शेख मैदुल मोंडल निवासी नोलेपारा, जिला हुगली, पश्चिम बंगाल के रूप में की। आरोपी की पहचान होने के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम को पश्चिम बंगाल भेजा गया। पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल पुलिस की मदद से 13 अगस्त को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ के आधार पर चोरी किए गए सोने में से करीब 30 ग्राम सोना बरामद किया जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने आमजन से अपील की है कि घरों और दुकानों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।