ऊना। जिला में बारिश नहीं होने से गेहूं उत्पादक किसानों की चिंता बढ़ने लगी है। गैर सिंचित क्षेत्रों में गेहूं की फसल को इस समय बारिश की दरकार है लेकिन बादल छाने के बावजूद बारिश नहीं होने से किसानों की उम्मीदों पर पानी फिर गया है। किसानों का कहना है कि बीते दिनों आसमान में बादल छाने से अच्छी बारिश की उम्मीद जगी थी लेकिन मौसम साफ होने से उन्हें निराशा हाथ लगी है। यदि जल्द बारिश नहीं हुई तो गेहूं की फसल की बढ़ोतरी प्रभावित हो सकती है।
जिला में इस बार करीब 35 हजार हेक्टेयर भूमि पर गेहूं की बिजाई की गई है। इसमें लगभग 60 फीसदी फसल सिंचाई के लिए बारिश पर निर्भर है। ऐसे में लंबे समय तक बारिश नहीं होने से गैर सिंचित क्षेत्रों में नमी की कमी का असर फसल पर पड़ सकता है। किसानों को अब अच्छी बारिश का इंतजार है।
किसान संदीप कुमार ने कहा कि गेहूं की फसल के लिए इस समय बारिश बेहद जरूरी है। पिछले दिनों आसमान में बादल छाने से उम्मीद थी कि अच्छी बारिश होगी और खेतों में पर्याप्त नमी आएगी लेकिन बारिश नहीं हुई। यदि मौसम ऐसा ही बना रहा तो फसल की वृद्धि प्रभावित होने की आशंका है।
किसान रोहित कुमार ने कहा कि सिंचाई सुविधा वाले क्षेत्रों में किसान किसी तरह फसल को पानी दे रहे हैं लेकिन गैर सिंचित क्षेत्रों के किसानों की पूरी उम्मीद बारिश पर टिकी है। खेतों में नमी बनाए रखने के लिए बारिश जरूरी है। समय पर बारिश नहीं हुई तो गेहूं की पैदावार पर भी असर पड़ सकता है। किसानों को अब मौसम के करवट बदलने का इंतजार है।
उपनिदेशक जिला कृषि विभाग डॉ. प्रेम ठाकुर ने कहा कि गेहूं की फसल की अच्छी वृद्धि के लिए समय-समय पर खेतों में पर्याप्त नमी होना जरूरी है। जिन क्षेत्रों में सिंचाई की सुविधा नहीं, वहां बारिश नहीं होने से फसल प्रभावित हो सकती है। किसानों को मौसम की स्थिति पर नजर रखते हुए उपलब्ध सिंचाई संसाधनों का उचित इस्तेमाल करना चाहिए। हालांकि, फसल की वास्तविक स्थिति का आकलन खेतों में नमी और मौसम के अनुसार ही किया जा सकता है।