क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में उमड़ी मरीजों की भीड़। संवाद
ऊना। जिला ऊना में मौसम बदलाव के कारण वायरल बीमारियों के मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में बुखार, जुकाम, खांसी और बदन दर्द जैसी समस्याओं से परेशान मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।
रोजाना औसतन 50 से 70 मरीज वायरल संक्रमण के कारण उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पहुंच रहे हैं, जिसमें हर उम्र के लोग शामिल हैं। सोमवार को भी क्षेत्रीय अस्पताल की जनरल और मेडिसिन ओपीडी के बाहर मरीजों की भारी भीड़ देखी गई। चिकित्सकों का कहना है कि बदलते मौसम में वायरल फीवर के मामलों में बढ़ोतरी हो जाती है।
गर्मी का मौसम शुरू होते ही दूषित पानी और खानपान से बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। चिकित्सकों ने सलाह दी है कि साफ-सफाई का ध्यान रखना और सुरक्षित खानपान से ही इन बीमारियों से बचा जा सकता है।
डॉ. राहुल कौंडल, एमडी मेडिसिन ने बताया कि वायरल संक्रमण से बचाव के लिए बाहर के खाने से परहेज करें और साफ पानी का इस्तेमाल करें। ठंडा पानी पीने से बचें और यदि वायरल संक्रमण का कोई लक्षण महसूस हो तो सीधे केमिस्ट से दवाई लेने के बजाय चिकित्सक से जांच करवाकर उपचार लें।
उधर, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय मनकोटिया ने कहा कि मौसम बदलने के कारण वायरल के मामले बढ़ रहे हैं। लोगों से अपील है कि वे खानपान में सावधानी बरतें और स्वच्छता का ध्यान रखें।