बंगाणा क्षेत्र में दिन-रात लग रहे बिजली के कट
लोगों ने विद्युत बोर्ड से की समस्या को हल करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा क्षेत्र में पिछले कुछ दिन से विद्युत आपूर्ति की आंख मिचौनी ने जनता को परेशानी में डाल रखा है। दुकानदारों सहित घरेलू महिलाओं को हर दिन मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि चुनाव के समय सभी नेता बड़े-बड़े दावे करते थे कि आपको सभी सहूलियतें मिलेंगी लेकिन चुनाव खत्म तो बात खत्म। भाजपा सरकार आई तो उन्होंने 125 यूनिट बिजली फ्री कर दी। कांग्रेस सरकार ने घोषणा कर दी थी कि हमारी सरकार आएगी तो 300 यूनिट बिजली फ्री देंगे लेकिन 300 यूनिट मुफ्त बिजली तो दूर की बात बिजली आपूर्ति भी 24 घंटे नहीं हो पा रही है। इस पर अमर उजाला संवाददाता से बातचीत करते हुए गृहिणी महिलाओं ने अपने विचार साझा किए।
1- तलमेहडा की सिलाई अध्यापिका सोनिया सोनी का कहना है कि हर दिन विद्युत आपूर्ति के कट लगने से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आजकल शादियों का सीज़न चल रहा है। लोगों को समय पर सिलाई का काम पूरा करने में दिक्कत आ रही है।
2- धनेत पंचायत की गृहिणी कौशल्या देवी का कहना है कि जब भी खाना बनाने का समय होता है, तभी विद्युत आपूर्ति बंद हो जाती है। घर में खाना अंधेरे में बनाना पड़ता है। दूसरा गर्मी में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
3- डीहर पंचायत की सुमन देवी का कहना है कि घर में छोटे-छोटे बच्चे हैं। रात-रात भर अंधेरे में रहना पड़ता है। बिजली कट लगने से छोटे-छोटे बच्चे गर्मी के कारण परेशान हो रहे हैं। आखिर कब होगा समस्या का हल।
4- खरयालता की कमलेश कुमारी का कहना है कि सरकार और संबंधित विभाग से आग्रह है कि गर्मी के मौसम में बिजली की सुचारु आपूर्ति की जाए। बिजली कटों से घर में छोटे-छोटे बच्चे बिना बिजली के परेशान हो रहे हैं। इसलिए प्रदेश सरकार से आग्रह है कि हमारी समस्या का समाधान करवाया जाए।