टाहलीवाल (ऊना)। हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड लिमिटेड के प्रवक्ता अनुराग पराशर ने बताया कि विद्युत बिल में बढ़ोतरी के मामले में एक बार फिर मानव त्रुटि सामने आई है।
जिला ऊना के विद्युत उपमंडल टाहलीवाल के अन्तर्गत हाल ही में विद्युत उपभोक्ता भोलाराम उपभोक्ता आईडी संख्या 100002151371 के विद्युत बिल में एकाएक बढ़ोतरी की जांच हरोली विद्युत मंडल के अधिकारियों ने की।
उन्होंने पाया गया कि विद्युत बिल में मानव त्रुटि के कारण दशमलव को गलत जगह पढ़ने से यह बिल में बढ़ोतरी पाई गई है। जो कि जांच के बाद ठीक कर दी गई है। पहले उपभोक्ता के मीटर की रीडिंग 100000 दशमलव 12 पढ़ी गई थी और अब 10000 दशमलव 012 वास्तविक पढ़ी गई है।
परिणामस्वरूप पहले बिल वर्तमान टैरिफ के अनुसार 71,815 रुपये था और अब 327 रुपये हो गया है। बोर्ड के प्रवक्ता अनुराग पराशर ने स्पष्ट करते हुए कहा है कि यह स्वभाविक है कि जब भी कोई नई तकनीक लोगों द्वारा अपनाई जाती है तो कुछ गलतियां होती हैं। संवाद