भारत-पाकिस्तान में तनाव को लेकर चिंतपूर्णी मंदिर में बढ़ाई सुरक्षा व्यवस्था
एसडीएम बोले- रात 8:00 बजे के बाद ब्लैक आउट
संवाद न्यूज एजेंसी
भरवाईं (ऊना)। भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव के चलते जिला प्रशासन ने चिंतपूर्णी मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। मंदिर के कपाट आरती होने के तुरंत बाद बंद कर दिए जाएंगे और रात 8 बजे से सुबह 5 बजे तक ब्लैक आउट रहेगा। चिंतपूर्णी बाजार भी रात 8 बजे के बाद बंद कर दिया जाएगा। जिला प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से यह निर्णय लिया है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। चिंतपूर्णी मंदिर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। कपाट बंद होने के बाद किसी भी व्यक्ति को मंदिर परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें।
एसडीएम सचिन शर्मा का कहना है कि सरकार के निर्देशों के तहत मंदिर में माता के दर्शनों के लिए कपाट रात 8 बजे बंद रहेंगे। सुबह 5 बजे तक माता के दर्शनों के लिए श्रद्धालु आ सकते हैं।