सरस्वती विद्या मंदिर कटोहड़ खुर्द में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह की रही धूम
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। सरस्वती विद्या मंदिर कटोहड़ खुर्द में रविवार को वार्षिक पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित हुआ। विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थिति दर्ज करवाई। कार्यक्रम का आगाज मां सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। स्कूल प्रशासन की ओर से विधायक को शाल-टोपी पहनाकर और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक और धार्मिक थीम पर आधारित कई रंगारंग कार्यक्रम पेश किए, जिन्होंने पंडाल में मौजूद दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया।
प्रधानाचार्य मीनाक्षी शर्मा ने वार्षिक रिपोर्ट पेश की। उन्होंने कहा कि स्कूल में दी जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अभिभावकों के सहयोग का ही परिणाम है कि यहां के विद्यार्थी आज देश के उच्च पदों पर सेवाएं दे रहे हैं। विधायक सुदर्शन बबलू ने होनहार छात्र-छात्राओं को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया और स्कूल के बेहतर माहौल की तारीफ की। उन्होंने अपने भाषण में कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के भीतर छुपी प्रतिभा को सामने लाने का सबसे सशक्त जरिया हैं, जिससे उनका मनोबल ऊंचा होता है।
विधायक ने बच्चों के टैलेंट की सराहना करते हुए स्कूल को अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों का होना भी बहुत जरूरी है, जो इस विद्यालय में बखूबी दिखाई देता है। इस अवसर पर स्कूल कमेटी के प्रधान एचएल भ्याना, जिला महासचिव सुखदेव, सदस्य किरण भ्याना, अरुण भ्याना, एमआर शर्मा, कुसुम रेहन, सनी भारद्वाज, पूर्व अधिकारी राकेश चड्ढा, अंकुश पंडित, दिनेश राणा, आशा और राज कुमार गौतम सहित क्षेत्र के कई प्रतिष्ठित लोग और अभिभावक उपस्थित रहे।