बचत भवन के पास नालों के ऊपर रखे ब्लॉक हटाए
जलभराव की समस्या को लेकर नगर निगम ने शुरू किया है अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। नगर निगम की ओर से जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में तंग नालों और अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिन स्थानों पर पानी निकासी में बाधा आ रही है, वहां नालों को तोड़ा जा रहा है और जमा कचरा और गाद हटाई जा रही है। भारी बारिश से हुए जलभराव और करोड़ों के नुकसान के बाद निगम ने ऐसे स्थान चिह्नित किए हैं जहां पुरानी पुलिया को बंद कर दिया गया या पानी की निकासी रोकी गई। शनिवार को बचत भवन के पास नालों से ब्लॉक हटाया गया ताकि आगे बारिश होने पर निकासी सुचारु रहे। निगम ने स्पष्ट किया है कि नालों की सफाई लगातार जारी है और भविष्य में जलभराव से बचाव के लिए विस्तृत रिपोर्ट भी तैयार की जा रही है। बरसात का पानी रोकने वालों पर आपदा प्रबंधन एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शहर में जलभराव को लेकर नगर निगम लगातार कार्य कर रहा है। तंग नालियों को तोड़ा जा रहा है और बेहतर ड्रेनेज प्रणाली के लिए योजना बनाई जा रही है। -महेंद्र पाल गुर्जर, आयुक्त नगर निगम ऊना