महिला सशक्तीकरण के लिए सामर्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत नई पहल
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिला प्रशासन ऊना ने महिला सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सामर्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत नई पहल शुरू की है। इसके तहत जिले के बीपीएल परिवारों से संबंधित विधवा महिलाओं और एकल नारियों को सिलाई मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि वे स्वयं का रोजगार शुरू कर सकें और आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें।
उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद महिलाओं को स्वरोजगार के साधन उपलब्ध कराना है, जिससे वे आत्मनिर्भर बनें और समाज में सम्मानजनक जीवनयापन कर सकें। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ वे महिलाएं ले सकेंगी, जो 45 वर्ष या उससे कम आयु की हों, ऊना जिले की स्थायी निवासी हों, और जिनके पास आधार कार्ड के साथ पंचायत द्वारा जारी बीपीएल प्रमाण पत्र उपलब्ध हो। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक महिलाएं उपायुक्त कार्यालय स्थित रेडक्रॉस सोसायटी शाखा, कमरा नंबर 406 में संपर्क कर सकती हैं।
जिला प्रशासन की ओर से यह कार्यक्रम जिला रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से औद्योगिक इकाइयों के सहयोग से कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद छात्राओं और महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल तथा आर्थिक आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में सहयोग प्रदान करना है।