ऊना। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान के तहत ऊना में ‘एंटी चिट्टा वॉकथॉन’ का आयोजन 16 सितंबर को किया जाएगा। उपायुक्त जतिन लाल ने यह जानकारी दी।
वॉकथॉन इंदिरा स्टेडियम ऊना से शुरू होकर बस स्टैंड के समीप यू-टर्न लेते हुए वापस इंदिरा स्टेडियम में संपन्न होगी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सुबह लगभग 10 बजे वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाएंगे तथा प्रतिभागियों के साथ स्वयं भी वॉकथॉन में चलेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री युवाओं से संवाद भी करेंगे।
वॉकथॉन का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में नशे के विरुद्ध सामूहिक चेतना को मजबूत करना है।