हरोली के दुलैहड़ गांव में प्रभावित किसानों से मिलते उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री। -स्रोत : व
दुलैहड़ (ऊना)। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री शनिवार देर शाम हरोली क्षेत्र के दुलैहड़ गांव पहुंचे, जहां हाल ही में बिजली की टूटी तार की चपेट में आने से 10 भैंसों की मौत हो गई थी। उन्होंने प्रभावित पशुपालक जाकुब अली सहित पीड़ित परिवारों से मिलकर घटना की जानकारी ली और गहरी संवेदना व्यक्त की।
अग्निहोत्री ने इस हादसे को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए प्रभावित पशुपालकों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने प्रशासन और बिजली बोर्ड को त्वरित जांच कर भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए जरूरी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर कांग्रेस नेता रणजीत राणा, बिजली बोर्ड अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।