पूर्व विधायक गणेश दत्त भरवाल के निधन पर हंबोली में परिवार के साथ बातचीत करते उपमुख्यमंत्री मुके
ऊना। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री रविवार को चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और वरिष्ठ समाजसेवी दिवंगत गणेश दत्त भरवाल के हंबोली स्थित आवास पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मिलकर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। 20 जुलाई की रात 80 वर्ष की आयु में भरवाल का निधन हो गया था।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि स्वर्गीय गणेश दत्त भरवाल का निधन प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। वे सरल, विनम्र और जनसेवा के प्रति पूरी तरह समर्पित नेता थे। वर्ष 1985 में पहली बार विधायक बनने के बाद उन्होंने जनता की समस्याओं को सदैव मुखरता से उठाया और चिंतपूर्णी क्षेत्र के विकास में अहम योगदान दिया। उनका जनता से गहरा जुड़ाव, सामाजिक सरोकारों के प्रति निष्ठा और सादगीपूर्ण जीवनशैली हमेशा याद की जाएगी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भरवाल का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। इस अवसर पर गोंदपुर बुल्ला के पूर्व प्रधान सतीश बिट्टू भी मौजूद रहे।