ऊना। पीरनिगाह मंदिर के संचालन अधिकार को लेकर जारी विवाद के बीच जिला परिषद सदस्य अनु ठाकुर और पंचायत समिति सदस्य अशोक द्विवेदी ने ग्राम पंचायत बसोली के समर्थन में संयुक्त बयान जारी किया है। उन्होंने प्रशासन से मंदिर का संचालन अधिकार तत्काल पंचायत को सौंपने की मांग की है। दोनों जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पीरनिगाह मंदिर का संचालन ग्राम पंचायत बसोली का वैधानिक अधिकार है, जिसे माननीय न्यायालय द्वारा भी पंचायत के पक्ष में माना जा चुका है। इसके बावजूद प्रशासन स्थानीय कांग्रेस नेताओं के इशारे पर पंचायत को उसके अधिकार से वंचित करने का प्रयास कर रहा है, जो पूरी तरह अनुचित और लोकतांत्रिक व्यवस्था के विपरीत है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने शीघ्र इस मामले का समाधान नहीं किया और पंचायत को उसका अधिकार बहाल नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और कांग्रेस नेताओं की होगी।