गगरेट (ऊना)। गगरेट स्थित हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम (एचपीएससीएससी) के सरकारी पेट्रोल पंप पर डीजल टैंक से जुड़ी पाइपलाइन में लीकेज आने के कारण डीजल की बिक्री बंद कर दी गई है।
पंप प्रबंधन का कहना है कि इस समस्या की जानकारी हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के अधिकारियों को कई बार मौखिक रूप से दी गई जबकि पिछले माह कांगड़ा क्षेत्र के बिक्री अधिकारी को लिखित रूप से भी अवगत कराया गया लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हो पाया है।
पंप प्रभारी अमृत पाल सिंह के अनुसार पंप परिसर में कैनोपी और टाइलिंग का कार्य करवाया गया था। इसके बाद टैंक के ऊपर लगी टाइलें बैठ जाने से पाइपलाइन प्रभावित हुई और डीजल का रिसाव शुरू हो गया। उन्होंने बताया कि तेल भरते समय लगातार ईंधन लीकेज हो रही थी, जिसके चलते उपभोक्ताओं और कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रभावित पाइपलाइन से डीजल की बिक्री एहतियातन बंद कर दी गई है।
गगरेट का यह सरकारी पेट्रोल पंप राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होने के कारण क्षेत्र के सबसे व्यस्त पंपों में गिना जाता है। सरकारी पंप होने के कारण बड़ी संख्या में वाहन चालक यहां ईंधन भरवाते हैं।
डीजल बिक्री बंद होने से अब उपभोक्ताओं को निजी पेट्रोल पंपों का रुख करना पड़ रहा है। यदि यह स्थिति लंबे समय तक बनी रहती है तो सरकारी पंप की बिक्री प्रभावित होने के साथ निजी पंपों को भी इसका लाभ मिल सकता है।
वहीं, एचपीसीएल के कांगड़ा क्षेत्र के बिक्री अधिकारी अभिलाष ने कहा कि उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं है तथा वह इस विषय पर प्रतिक्रिया देने के लिए अधिकृत नहीं हैं। अब क्षेत्र में यह सवाल उठ रहा है कि समय रहते शिकायत मिलने के बावजूद तकनीकी खराबी दूर करने में आखिर इतनी देरी क्यों हो रही है।