मैहतपुर (ऊना)। जिला ऊना की बनगढ़ जेल से संबंधित पोक्सो एक्ट के तहत आरोपी विचाराधीन कैदी गुलशन कुमार को आखिरकार पुलिस ने लगभग 40 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कांगड़ा से पकड़ लिया है। बुधवार शाम मैहतपुर क्षेत्र से फरार हुआ यह कैदी पुलिस के लिए चुनौती बन गया था। अब उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।
गुलशन कुमार जिला कांगड़ा के गांव खोली का निवासी है और सोलन में दर्ज दुष्कर्म के तीन मामलों में विचाराधीन कैदी था। तीन दिन पहले ऊना पुलिस उसे अदालत में पेश करने सोलन ले गई थी। पेशी के बाद बुधवार शाम पुलिस उसे लेकर मैहतपुर पहुंची। यहां आरटीओ बैरियर के पास उसने खानपान की इच्छा जताई और पुलिस को एक होटल ले गया।
इसी दौरान वह शौच का बहाना बनाकर दो पुलिस कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। फरार कैदी को लेकर न केवल ऊना पुलिस की काबिलियत पर सवाल उठने लगे बल्कि आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर चिंताएं उभर आईं। गुलशन पहले भी एक बार फरार हो चुका है और उसकी शातिरता को लेकर सोलन पुलिस ने ऊना पुलिस को पहले ही आगाह किया था, बावजूद इसके वह फिर चकमा देने में सफल रहा।
इसके बाद एएसपी सुरेन्द्र शर्मा ने मामले में विभागीय जांच के आदेश दिए और कैदी की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस की 5 सदस्यीय टीम का नेतृत्व थाना मैहतपुर प्रभारी अंकुश डोगरा ने किया। इसी टीम में वे दो पुलिसकर्मी भी शामिल थे, जिनकी कस्टडी से आरोपी फरार हुआ था।
यह टीम लगातार गुलशन के संभावित ठिकानों की तलाश में लगी रही और लगभग 40 घंटे बाद कांगड़ा से उसे काबू कर लिया गया। अब पुलिस गुलशन से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता चल सके कि उसे फरार होने में किसकी मदद मिली, वह कांगड़ा तक कैसे पहुंचा और उसकी आगे की योजना क्या थी।