माता चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्ट ने सुखाश्रय योजना में दिए दो करोड़
सरकार के हर सुख-दुख में मंदिर ट्रस्ट सहयोग के लिए प्रयासरत : जतिन
जसवीर ठाकुर
ऊना। माता चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्ट सरकार के हर सुख-दुख में सहयोग करने के लिए तत्पर है। चाहे बात मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना की हो या सुख शिक्षा योजना की हो। इस वित्तीय वर्ष में भी मंदिर ट्रस्ट की ओर से मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना के लिए दो करोड़ की मदद की है। इस दिशा में आगामी भविष्य में भी मंदिर ट्रस्ट की ओर से जरूरतमंदों की मदद करने के प्रयास निरंतर जारी है। गरीब लड़कियों की शादी, बच्चों की पढ़ाई से लेकर अन्य बीमार लोगों की मदद की जा रही है। जिला प्रशासन की भी सामर्थ्य योजना के तहत तमाम तरह के विकासात्मक कार्य को अमलीजामा पहनाने के लिए काम किया जा रहा है। इसका धरातल पर असर देखने को मिला है। भले ही भाषा एवं संस्कृति विभाग के माध्यम से मुख्यमंत्री सुखाश्रय और सुख शिक्षा योजना में जरूरतमंदों की मदद सरकार के अधीन आने वाले मंदिर ट्रस्ट से करने का सराहनीय पहल की है लेकिन इस दिशा में माता चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्ट पहले से ही अग्रणी भूमिका में है। इसके अलावा किसी भी प्रकार की कोई आपदा या अन्य संकट का दौर आता है तो भी मंदिर ट्रस्ट ने सरकार की मदद के लिए पहले से ही खजाने खोल रखे हैं। भूस्खलन, बाढ़, प्राकृतिक आपदा से लोगों के पुनर्वास की व्यवस्था करने में भी मंदिर ट्रस्ट आगे रहा है।
डीसी ऊना जतिन लाल का कहना है कि मंदिर ट्रस्ट की ओर से जरूरतमंदों की मदद करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। यह भविष्य में भी जारी रहेंगे। जिला प्रशासन की सामर्थ्य योजना के तहत भी लोगों की स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य तमाम तरह की सुख सुविधा मुहैया करवाने में मदद की जा रही है। मंदिर ट्रस्ट की बैठक में ही तमाम तरह के विकास कार्य को अमलीजामा पहनाने के लिए समस्त ट्रस्ट के सदस्यों की सर्वसम्मति से ही निर्णय लिया जाता है।
एसडीएम अंब सचिन शर्मा का कहना है कि मंदिर ट्रस्ट की ओर से इस वित्तीय वर्ष में दो करोड़ की राशि मुख्यमंत्री सुखाश्रय के लिए जारी की है और यह प्रक्रिया निरंतर जारी है।
मंदिर अधिकारी अजय सिंह मंडयाल का कहना है कि मंदिर ट्रस्ट प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तौर पर सरकार की निर्देशों की पालना करते आ रहे हैं। भविष्य में जो भी निर्देश होंगे, उनको अमलीजामा पहनाया जाएगा।