अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर सरकारी प्राथमिक स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों ने अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद कर दी है। मंगलवार को जिले के प्रत्येक प्राथमिक शिक्षा खंड में प्राथमिक शिक्षा संघ की ओर से सांकेतिक धरना-प्रदर्शन कर उनके हक उन्हें अविलंब देने की मांग की गई। संघ ने कहा कि अगर उनकी मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया तो संघ अनिश्चितकालीन हड़ताल का बिगुल फूंकने से भी पीछे नहीं हटेगा।
ऊना के बीआरसी भवन में मंगलवार को खंड स्तरीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने मांगों को लेकर धरना दिया। प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रधान बलविंद्र सिंह की अध्यक्षता में शिक्षकों ने राज्य सरकार से नई पेंशन स्कीम को बंद करके पुरानी पेंशन स्कीम को लागू करने की मांग की है। धरने को संबोधित करते हुए बलविंद्र सिंह बैंस ने समान काम समान वेतन, राष्ट्रीय प्राथमिक शिक्षा आयोग का गठन, छठे वेतन आयोग की विसंगतियों को दूर करने, ग्रामीण विद्या उपासकों को प्राथमिक शिक्षक सहायक अध्यापकों के बराबर वेतन देने की मांग की। उन्होंने कहा कि इन सभी मांगों को लेकर एक ज्ञापन मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा।
इस अवसर पर खंड प्रधान सुभाष सैणी, विजय कुमार, बिहारी लाल, राम कुमार जोशी, सुमन देवी, कपिल शर्मा, राजेश कुमार, नरेंद्र धीमान, आशा देवी, सुधा, अजय आदि मौजूद रहे। वहीं, खंड प्राथमिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बाहर प्राथमिक शिक्षक संघ खंड गगरेट-एक के तमाम सदस्य खंड प्रधान कुलदीप कंग के नेतृत्व में अपनी मांगों के समर्थन में धरने पर बैठ गए और जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर संघ के महासचिव प्रदीप कुमार, कोषाध्यक्ष संजय कुमार, जिला महिला शिक्षक विंग की प्रधान सुनीता कुमारी, खंड महिला शिक्षक विंग की प्रधान राज कुमारी, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता देविका रानी, सुभाष कुमार, सुशील कुमार, शिव कुमार, रोहित, आशीष आदि मौजूद थे। उधर, अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर प्राथमिक शिक्षक संघ खंड अंब ने अपनी मांगों के समर्थन में सांकेतिक प्रदर्शन किया। संघ के प्रधान जगदेव सिंह जग्गी ने छठे वेतन आयोग की विसंगतियों को दूर करने के साथ ही सभी वर्ग के शिक्षकों को एक समान वेतन देने की भी मांग की। इसके अलावा प्राथमिक शिक्षक संघ खंड बंगाणा के अध्यापकों ने भी प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बाहर सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। इस अवसर पर खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी तिलक राज, जोगिंद्र सिंह कुटलैहड़िया, अशोक धीमान, विजय कुमार, राज कुमार, रजनीश शर्मा, सुरेंद्र कुमार, राजपाल, रणजीत चौहान, जीवन कुमार, हरबंस लाल, वीरेंद्र ठाकुर, मनोज राणा, राजेंद्र सिंह, नरेश कुमार, राकेश कुमार, कमल देव, निशा राणा, रेणुका शर्मा तथा सीता देवी मौजूदरहे।