प्रीतम सिंह जठानी गांव के जंगलों में गुच्छी ढूंढने गया था कि तेंदुए ने हमला बोल दिया।
आदमखोर तेंदुआ शनिवार देर रात अंब के सूरी गांव में एक बेडरूम में जा घुसा। घटना के वक्त भीतर परिवार के तीन लोग टीवी देख रहे थे। तेंदुए ने इन पर हमला कर दिया जिससे चीख-पुकार मच गई। गांववाले दौड़े लेकिन तेंदुआ तब तक तीनों को गंभीर रूप से जख्मी कर चुका था। बीच-बचाव करने मौके पर पहुंचे गांववालों पर भी तेंदुए ने हमला बोल दिया। कुछ जान बचाकर भाग गए तो करीब 20 गांववाले भी तेंदुए के हमले में घायल हो गए।
परिवार के तीनों लोगों को आपात स्थिति में अंब अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
दहशत के बीच लोगों ने इसकी सूचना ऊना स्थित वन विभाग के अधिकारियों को दी। देर रात 11:00 बजे ऊना से वन विभाग की आठ सदस्यीय टीम घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई। टीम को ट्रेंकुलाइजर गन से लैस किया गया है।
डीएफओ आरके डोगरा ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना मिलते ही टीम को सूरी गांव की ओर रवाना कर दिया गया है। करीब सवा बारह बजे तक टीम घटना स्थल पर पहुंच जाएगी और तेंदुए को पिंजरे में कैद किया जाएगा। बताया जा रहा है कि घर के अंदर घुसने के बाद लोगों ने बाहर से दरवाजा बंद कर तेंदुए को कमरे में बंद कर दिया है। लोगों की सूझबूझ से कइयों की जान गई है।