चिंतपूर्णी मंदिर में उमड़ी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
मां चिंतपूर्णी के दरबार में चैत्र नवरात्रे के दूसरे दिन श्रद्धालुओं की कम आवाजाही देखने को मिली। हालांकि, सारा दिन मां के भक्तों की चहल-पहल मां के दरबार में लगी रही। लेकिन, मंदिर में ज्यादा भीड़ न होने के कारण श्रद्धालु शांतिपूर्ण तरीके से मां के दर्शन कर रहे थे।
पूरा दिन चली रही मंद-मंद ठंडी हवाओं से श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली। उधर, दूसरे नवरात्रे के दिन दोपहर को एसडीएम अंब सुनील वर्मा ने मेले का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दूसरे दिन मेले में शाम तक दस हजार के करीब श्रद्धालु मां के दरबार में हाजिरी लगा चुके थे। शुक्रवार देर शाम पहले मेले के दौरान वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने परिवार सहित मां चिंतपूर्णी के दरबार में माथा टेका और पूजा अर्चना की। इस दौरान एसडीएम अंब सुनील वर्मा और मंदिर अधिकारी ने उन्हें माता की फोटो देकर सम्मानित भी किया। मेले में अभी तक चिंतपूर्णी में ट्रैफिक व्यवस्था भी दुरुस्त बनी हुई है।
उधर, मंदिर अधिकारी सुभाष चौहान ने बताया कि पहले मेले के दौरान 7 लाख 32 हजार 426 रुपये की नगदी मंदिर न्यास को गणना के दौरान प्राप्त हुई है और पहले मेले में सोना 10 ग्राम 800 मिग्रा व चांदी 927 ग्राम 14 मिग्राम श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई है। एसडीएम अंब और मेला अधिकारी सुनील वर्मा ने कहा कि मेला शांतिपूर्वक चला हुआ है और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। मेले की व्यवस्थाओं को जांचा जा रहा है कि कहीं कोई कमी तो नहीं है।