रौणखर में दो दिवसीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
जोल (ऊना)। धौमेश्वर सदा शिव की नगरी तलमेहड़ा के गांव रौणखर मैदान में शनिवार को सदाशिव युवा क्लब की ओर से दो दिवसीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ बड़े उत्साह के साथ किया गया। भारतीय सेना से सेवानिवृत्त कर्नल रघवीर सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का रिबन काटकर उद्घाटन किया। इस मौके पर खरयालता पंचायत प्रधान राकेश धीमान, स्थानीय बीडीसी सदस्य राजेंद्र ठाकुर, पूर्व बीडीसी सदस्य अशोक शर्मा, पूर्व उप प्रधान जीवन सिंह, सदा शिव मंदिर संस्थापक रघुवीर सिंह संगम, रिटायर्ड अध्यापक रणधीर सिंह, रिटायर्ड कैप्टन मदन लाल, विनोद शर्मा, विपिन शर्मा, देशराज शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उद्घाटन मुकाबले में क्षेत्र की तलमेहड़ा और अंबेहड़ा की मजबूत टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला, जिसमें तलमेहड़ा की टीम विजयी रही। मुख्य अतिथि कर्नल रघुवीर सिंह ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व के गुण भी विकसित करते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों को अपनाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। दूसरे मैच में सोहारी ने तलमेहड़ा ए टीम को हराया। तीसरे मैच में पिपलू तथा ऊना हाॅस्टल में कांटे की टक्कर देखने को मिली। इस मैच में पिपलू की टीम ने ऊना हाॅस्टल की टीम को हराया।