संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। लगातार गिरते तापमान और कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से स्कूलों के समय में किए गए बदलाव का हिमाचल प्रदेश स्कूल लेक्चरर्स एसोसिएशन ऊना इकाई ने स्वागत किया है। जिला अध्यक्ष शशि पाल सैनी और महासचिव संजीव कुमार ने इस जनहितकारी निर्णय के लिए जिला दंडाधिकारी एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण जतिन लाल तथा उपनिदेशक उच्च शिक्षा अनिल तक्खी का आभार जताया।
एसोसिएशन ऊना इकाई ने 24 दिसंबर को अत्यधिक ठंड, घने कोहरे और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल समय में बदलाव की मांग की थी। प्रशासन के आदेश के अनुसार 29 दिसंबर से 31 जनवरी 2026 तक जिले के सभी सरकारी व निजी स्कूल सुबह 10 बजे से दोपहर 3.30 बजे तक संचालित होंगे, जबकि आंगनबाड़ी केंद्र 10 बजे से 3 बजे तक खुलेंगे। संगठन ने इसे छात्रों के हित में लिया गया सराहनीय निर्णय बताया।