ऊना। स्वाइन फ्लू से संक्रमित बच्ची अब पूरी तरह स्वस्थ हो गई है। स्वास्थ्य में तेजी से सुधार होने के बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थानाकलां से छुट्टी दे दी गई है। बच्ची का पिछले कुछ समय से अस्पताल में उपचार चल रहा था। चिकित्सकों की निगरानी में उपचार के दौरान बच्ची के स्वास्थ्य में लगातार सुधार दर्ज किया गया।
अब उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थानाकलां में चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया था। दवाओं और चिकित्सकीय देखरेख के बाद बच्ची के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हुआ।
स्थिति सामान्य होने पर चिकित्सकों ने उसे अस्पताल से छुट्टी देने का निर्णय लिया। बच्ची के अलावा उसके भाई व मां को भी अस्पताल में ही आइसोलेट किया गया था। उन्हें भी अस्पताल से घर भेज दिया गया है। बच्ची के स्वस्थ होने से परिजनों ने भी राहत की सांस ली है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मामले को लेकर आवश्यक एहतियात बरतने और निगरानी रखने पर जोर दिया जा रहा है।
चिकित्सकों ने स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखाई देने पर समय पर जांच और उपचार करवाने की सलाह दी है। खासकर बुखार, खांसी, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करने की अपील की गई है। बता दें कि उक्त बच्ची एक खेलकूद प्रतियोगिता के बाद बीमार हुई।
इसके बाद विभाग की तरफ से उसका स्वाइन फ्लू टेस्ट किया जिसमें वह संक्रमित पाई गई। स्वास्थ्य खंड अधिकारी डॉ. रमेश रत्तू ने बताया कि बच्ची का स्वास्थ्य बिलकुल ठीक है। विभाग स्वाइन फ्लू को लेकर पूरी तरह सतर्क है।