सदर विद्यायक सतपाल सिंह रायजादा पुलिस टीम के साथ खनन माफिया के खिलाफ रात को चैकिंग करते हुए
- फोटो : Una
ऊना। सदर विधायक सतपाल सिंह रायजादा ने सोमवार रात विधानसभा क्षेत्र के संतोषगढ़ रोड पर अवैध खनन को लेकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खनन सामग्री से भरे टिपरों को रोका तो पाया कि टिपर ओवरलोड होकर बेखौफ दौड़ रहे हैं।
विधायक सतपाल सिंह रायजादा ने कहा कि निरीक्षण के दौरान उन्हें मौके पर पुलिस भी मिली। जिनसे पूछताछ पर उन्हें रात को खनन करने की अनुमति होने की बात कही। डीसी से बात करने पर इस तरह के कोई आदेश न होने का पता चला। रायजादा ने आरोप लगाया है कि टिपरों में क्षमता से अधिक खनन सामग्री लोड की जा रही है। उन्होंने रात के अंधेरे में खनन गतिविधियों को लेकर शासन व प्रशासन पर सांठ-गांठ का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि आज आम आदमी का सड़कों पर चलना दूभर हो गया है। पुलिस सड़कों पर चल रहे स्थानीय नागरिकों को रोककर उनके वाहनों के चालान कर रही है जबकि ओवरलोड टिपरों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि बिना मास्क के यदि कोई गरीब आदमी भी मिल जाए तो उससे भी एक हजार रुपये की उगाही की जा रहे है लेकिन स्वां नदी में बेरोकटोक हो रही खनन गतिविधियों पर कोई लगाम नहीं कसी जा रही है। विधायक ने आरोप लगाया है कि क्षमता से अधिक माल लोड करके खनन माफिया को फायदा पहुंचाया जा रहा है। सरकार और प्रशासन की खनन माफिया को संरक्षण प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सरकार और प्रशासन ने इस और ध्यान न दिया तो उन्हें मजबूरन जनता के साथ सड़कों पर उतरना पड़ेगा। एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने कहा कि पुलिस लगातार अवैध खनन को लेकर कार्रवाई कर रही है। बिना एफ फार्म व ओवरलोड पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है।