ऊना में दोपहर के समय छाए बादलों के चलते सुहावने मौसम के बीच चहलकदमी करती युवतियां।संवाद
ऊना। जिला में सोमवार दोपहर को हुई हल्की बारिश के बाद मौसम का मिजाज बदल गया। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली। दोपहर के समय आसमान में बादल छाए रहने के बाद कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। वहीं शाम के समय फिर धूप खिलने से मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिला।
मौसम में आए परिवर्तन के कारण दिनभर गर्मी का असर अपेक्षाकृत कम रहा। सोमवार को ऊना का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते दिनों से लगातार पड़ रही गर्मी के बीच हल्की बारिश ने लोगों को राहत पहुंचाई। खासकर बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों ने मौसम सुहावना होने के बाद राहत महसूस की। दोपहर के समय बारिश होने से सड़कों पर भी हलचल कुछ समय के लिए कम हो गई थी। हालांकि बारिश अधिक देर तक नहीं चली। ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों ने भी मौसम परिवर्तन को फसलों के लिए लाभदायक बताया है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी मौसम के बदलते रहने की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के समन्वयक विनोद कुमार ने बताया कि सोमवार में मौसम में बदलाव होने के चलते हल्की बारिश हुई है। आगामी दिनों में मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना है।
ऊना में दोपहर के समय छाए बादलों के चलते सुहावने मौसम के बीच चहलकदमी करती युवतियां।संवाद