50 स्कूलों के करीब 190 नन्हे वैज्ञानिक ले रहे हिस्सा
बहडाला में हो रहा दो दिवसीय जिलास्तरीय 32वां बाल विज्ञान मेला
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बहडाला में दो दिवसीय जिलास्तरीय 32वें बाल विज्ञान मेले में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बाल विज्ञान मेले का शुभारंभ शुक्रवार को मुख्य अतिथि के रूप में जिला शिक्षा उपनिदेशक प्रारंभिक सोमलाल धीमान ने किया। जबकि विशेष रूप से उनके साथ मेजबान स्कूल के प्रिंसिपल हरीश जोशी, प्रिंसिपल दिनेश कौंडल, विज्ञान पर्यवेक्षक राजन शर्मा एवं जिला विज्ञान अध्यापक संघ के अध्यक्ष रमेश मेहरा उपस्थित रहे।
जिला विज्ञान पर्यवेक्षक राजन शर्मा ने बताया कि इस दो दिवसीय जिला स्तरीय विज्ञान मेले में 50 स्कूलों के करीब 190 नन्हे वैज्ञानिक हिस्सा लेकर अपना ज्ञान परख रहे हैं। मेले में वैज्ञानिक स्किट, प्रश्नोत्तरी, विज्ञान मॉडल एवं मैथ्स ओलंपियाड आदि प्रतियोगिताएं करवाई जा रही हैं। विज्ञान अध्यापक हरदीप सिंह एवं सुनील रयात ने बताया कि वैज्ञानिक मॉडलों में तन्वी ने पर्यावरण प्रतिकूलता से बचने के उपाय, इशिता शर्मा ने गाड़ियों में स्वचालित डिपर सिस्टम, दिव्यांशी मनकोटिया ने अंधे मोड़ पर सड़क सुरक्षा अलार्म, अक्षित कौंडल ने समुद्र से नवीनीकरण ऊर्जा प्राप्त करने तथा अभय सूद ने व्यर्थ खाना प्रबंधन आदि माडल प्रस्तुत किए।
इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष मुख्यातिथि की ओर से द्वीप प्रज्वलित कर एवं मेजबान स्कूल की छात्राओं की ओर से वंदेमातरम एवं स्वागत गीत गाकर की गई। मुख्य अतिथि उपनिदेशक प्रारंभिक सोमलाल धीमान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युग विज्ञान का है। प्रत्येक विद्यार्थी को शिक्षा एवं खेलकूद गतिविधियों के साथ वैज्ञानिक गतिविधियों में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। जो आज का मंच है यह विद्यार्थियों के अंदर रचनात्मक और नवाचार को प्रदर्शित करने का माध्यम है। मुख्यातिथि सोमलाल धीमान ने ऊना जिला के विभिन्न स्कूलों से आए नन्हे वैज्ञानिकों के मॉडलों, क्विज प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी एवं वैज्ञानिक क्रियाकलापों का अवलोकन कर उनके प्रयासों को सराहा। मंच का संचालन मेजबान स्कूल के शारीरिक प्रवक्ता डॉ. मुनीश राणा ने बखूबी निभाया। कार्यक्रम के दौरान इंस्पायर मानक अवॉर्ड योजना के तहत राष्ट्रीय स्तर पर बेस्ट मॉडल प्रदर्शित करने वाली राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाडला की छात्रा साक्षी भारद्वाज को भी मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।