अंब (ऊना)। क्षेत्र के शिवालिक हिल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल अंब ने अपना वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह सोमवार को मनाया। समारोह में डेरा पंडित हरीचंद शाह अंबोआ से पंडित राकेश शाह ने मुख्यातिथि शिरकत की। इस मौके पर शिवालिक हिल संस्थान समिति के सदस्यों ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा उन्हें पगड़ी, शॉल तथा स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
समारोह का शुभारंभ मुख्यातिथि ने मां सरस्वती की प्रतिमा के आगे दीप प्रज्जवलित कर किया। समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना से किया गया। स्कूल की प्रधानाचार्य सुषमा डडवाल ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर मुख्यातिथि, अतिथियों एवं सभी मौजूद अभिभावकों को विभिन्न गतिविधियों से अवगत करवाया। इस मौके पर विद्यार्थियों ने ‘मेरे देश की धरती सोना उगले, उगले हीरे मोती’ ‘न तूप रेणी न छां बंदेयां’ ‘गणपति बप्पा मोरेया’ ‘जय हो’ ‘डोला रे डोला रे’ आदि देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुतियां देकर वाहवाही लूटी। इस मौके पर मुख्यातिथि पंडित राकेश शाह ने विभिन्न गतिविधियों में अव्व्ल रहे विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया तथा भविष्य में उन्हें और अधिक मेहनत करने के लिए आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमें हमेशा सत्य के रास्ते पर चलना चाहिए।
सत्य का रास्ता कठिन जरूर होता है, लेकिन अंत में हमेशा जीत सत्य की ही होती है। उन्होंने समारोह में भजन सुनाकर पंडाल में बैठे लोगों को भक्तिमय माहौल में डूबा दिया। इस अवसर पर शिवालिक हिल स्कूल प्रबंधन कमेटी के चेयरमैन देवी सिंह, समाजसेवी ठाकुर चमेल सिंह, हन्नी राजा व प्रबंधन कमेटी के सदस्यों सहित कई अन्य गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।