ऊना। रक्कड़ स्थित हिमुडा कॉलोनी में मेंटेनेंस चार्ज को लेकर लोगों का गुस्सा भड़क उठा है। विभाग को बार-बार सूचित करने के बावजूद सुनवाई न होने पर लोगों ने अब न्यायालय का दरवाजा खटखटाने का मन बना लिया है।
रेजीडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन रक्कड़ कॉलोनी ऊना (हिमुडा) की बैठक सोमवार को हुई। बैठक में प्रदेश उच्च न्यायालय में मेंटेनेंस चार्जेज में बढ़ोतरी से न्याय की गुहार लगाने का फैसला किया गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष खुशी राम ने बताया कि उच्च न्यायालय में जरूरी कार्यवाही के लिए आरडब्ल्यूए ने एक कमेटी का गठन किया है। इसमें महामंत्री ले. स्वदेश प्रकाश शर्मा, प्रेस प्रवक्ता नरेश कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष राजेश पराशर को नियुक्त किया गया है। कार्यकारिणी की सभा में फैसला लिया गया कि कोई भी कॉलोनी निवासी उच्च न्यायालय के निर्णय से पूर्ण हिमुडा को मेंटेनेंस का चार्जेज का भुगतान नहीं करेगा।
आरडब्ल्यूए की बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि उच्च न्यायालय में हिमुडा कॉलोनी को ऊना म्युनिसिपल के सुपुर्द कर दिया जाए, जिससे प्रदेश की अन्य कॉलोनियों की तरह रक्कड़ कॉलोनी का भी रखरखाव सुनिश्चित हो सके। महामंत्री ले. स्वदेश प्रकाश शर्मा ने कहा कि कॉलोनी निवासियों को हिमुडा के निर्णय से निराशा हुई है तथा अपने आप को ठगा से महसूस कर रहे हैं। इस अवसर पर एसोसिएशन सदस्यों में एमएल वशिष्ठ, डॉ. एमएस बीर, कैप्टन जीएल सैणी, बाल कृष्ण शर्मा, रविंद्र जसवाल, विवेक जसवाल एवं जतिंद्र कुमार मौजूद रहे।