चंडीगढ़-धर्मशाला हाईवे पर बीजापुर में एक तेज रफ्तार इनोवा कार ने अपने घर के सामने खेत में खड़े तेरह साल के बालक को कुचल दिया। इससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक वीरवार शाम करीब 7 बजे ऊना-अंब मार्ग पर हादसा उस वक्त हुआ, जब ऊना से अंब की अोर आ रही तेज रफ्तार इनोवा कार पीबी-11 बीएफ 2001 ने अपने घर के सामने खेत में खड़े अभिनव पुत्र सुभाष को जबरदस्त टक्कर मार दी।
जिस कारण अभिनव उछलकर लगभग 10 फुट से अधिक दूरी पर जा गिरा और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि, टक्कर के बाद अनियंत्रित कार सड़क को क्राॅस कर दूसरी ओर खेतों में पलट गई। कार में कुल छह लोग सवार थे, जो चंडीगढ़ से मैकलोडगंज के लिए जा रहे थे। हादसे के तुरंत बाद कुछ लोगों ने अभिनव को निजी गाड़ी से सिविल अस्पताल अंब पहुंचाया। जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अंब अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर रूपिंदर शर्मा ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही बालक ने दम तोड़ दिया था। उधर, इस संबंध में अंब ट्रैफिक पुलिस के इंचार्ज राजेंद्र पठानिया ने बताया कि पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मृतक अभिनव सातवीं कक्षा का छात्र था। करीब पांच साल पहले उसके पिता की भी मृत्यु हो चुकी है। अभिनव का
एक बड़ा भाई है जो जमा दो में पढ़ता है।