कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर होगी चर्चा, अनदेखी पर व्यापारी खफा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। हिमाचल प्रदेश व्यापार मंडल की कार्यकारिणी की ऑनलाइन बैठक प्रदेशाध्यक्ष सुमेश कुमार शर्मा की अध्यक्षता में रविवार को होगी। बैठक में सभी व्यापार मंडलों के प्रतिनिधि और कोई भी हिमाचल का व्यापारी भाग ले सकता है।
समय की पाबंदी की वजह से इस बैठक में सिर्फ निश्चित बिंदुओं पर चर्चा होगी। हिमाचल प्रदेश व्यापार मंडल के महामंत्री राकेश कैलाश ने बताया कि सरकार व्यापारियों की अनदेखी कर रही है। एक बहुत बड़े एकता के प्रदर्शन और संघर्ष की जरूरत है। लगता है कि सरकार व्यापारियों की मांगों को लेकर गंभीर नहीं है। मांगों को लेकर कई बार मुख्यमंत्री से भी मिल चुके हैं। रविवार को होने वाली बैठक में मार्केट फीस, जीएसटी की दरों में बढ़ोतरी, ऑनलाइन व्यापार, दिन प्रति दिन खुलते बड़े मेगा शोरूम, चाइना बाजार, सेल, फेरी वाले को लेकर बातचीत की जाएगी।
सुमेश ने कहा कि व्यापारी वर्ग को अस्तित्व की लड़ाई लड़नी पड़ेगी। मांगों को मनवाने के लिए एकता का प्रदर्शन करना भी जरूरी है। वर्ष 2022 में विधानसभा चुनाव हैं। ऐसे में व्यापारियों के हितों को देखते हुए कोई ठोस रणनीति भी बनाई जाएगी। राकेश कैलाश ने बताया कि व्यापारी और व्यापार इस वक्त नाजुक दौर से गुजर रहा है। ऐसे में संघर्ष की राह अपनानी ही पड़ेगी।