सिद्ध चानो मंदिर थड़ा में प्रतियोगिता का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने शनिवार को सिद्ध चानो मंदिर थड़ा में दो दिवसीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। पहला मैच सोहारी-बी व नंदपुर की टीम के बीच खेला गया। इसमें सोहारी-बी की टीम ने नंदपुर को 28-19 व 25-09 से मात देकर प्रतियोगिता के अगले राउंड में अपनी जगह पक्की की।
प्रतियोगिता का आयोजन सर्व हितकारी सेवा समिति के युवा मंडल पंजोआ लडोली के तत्वावधान में किया जा रहा। आयोजन कमेटी के सदस्य अनिल तक्खी, जसबीर सिंह, सुनील कुमार जम्वाल, अनिल धीमान, नील कुमार, रमन राणा और रवि कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में क्षेत्र की करीब 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं। विजेता टीम को 11000 रुपये, जबकि उपविजेता टीम को 8,100 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को 1100 रुपये की राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।
विधायक ने खेल मैदान में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया
विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, अपितु यह युवाओं के सर्वांगीण विकास की नींव हैं। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास में अहम भूमिका निभाती हैं। इस मौके पर विधायक बबलू ने आयोजन कमेटी को 21 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।