जिले के कुठेड़ा और खुरवाईं में सात वर्षीय बालक सहित एक युवक को सांप ने डस लिया। घायलों को ऊना अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से बालक की नाजुक हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक पहला हादसा खुरवाईं में पेश आया, जहां अंकित (7) अपने घर के समीप खेल रहा था कि तभी अचानक उसे सांप ने डस लिया। ऊना अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार दिया। अंकित की हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, दूसरा हादसा अंब के कुठेड़ा में पेश आया, जहां रुस्तम (20) रविवार देर रात अपने घर के समीप कार्य कर रहा था कि अचानक उसे सांप ने डस लिया। उधर, सीएमओ प्रकाश दड़ोच ने बताया कि पीड़ितों को अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया है। अंकित की गंभीर हालत के चलते उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है।