विभागीय अधिकारियों की अव्यवस्था के खिलाफ कुरियाला में ग्रामीणों ने खोला मोर्चा
बोले- समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सड़कों पर उतरकर करेंगे आंदोलन
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के गृह जिले में बिजली और पानी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के खिलाफ जलशक्ति विभाग मुर्दाबाद, बिजली बोर्ड मुर्दाबाद.. के नारे लगाए। शुक्रवार समय सुबह साढ़े 10 बजे ऊना जिला के साथ सटे कुरियाला क्षेत्र में ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर एकत्रित हुए। जलशक्ति विभाग और बिजली बोर्ड की नाकामी के खिलाफ रोष जाहिर करते हुए अव्यवस्था को खूब कोसा। पंचायत प्रधान का आरोप है कि पिछले काफी समय से यहां पर बिजली के कट लगाए जा रहे हैं। लोगों को पीने के पानी की समस्या से भी दो-चार होना पड़ रहा है। जब विभागीय अधिकारियों से समस्याओं के समाधान के बारे में जानना चाहा तो उन्होंने फोन सुनना तो दूर मोबाइल नंबर तक ब्लॉक लिस्ट में डाल दिए हैं। विभागीय अधिकारियों के इस तरह के लापरवाही और गैर जिम्मेदाराना रवैये के खिलाफ लोगों का गुस्सा चौथे आसमान पर चढ़ गया है और विभाग के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए हैं। पंचायत प्रधान परमजीत का कहना है कि बिजली बोर्ड के पास जाते हैं तो बोलते हैं.. लो वोल्टेज की समस्या के चलते बिजली के कट लग रहे हैं। जब जलशक्ति विभाग के पास जाते हैं तो कहा जाता है कि बिजली वोल्टेज की समस्या के चलते मोटर खराब हो रही है। इससे पानी की सप्लाई सुचारू रूप से नहीं दी जा रही है। लोगों का कहना है कि अगर यही रवैया रहा तो आने वाले समय में ग्रामीणों को मजबूर होकर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने के लिए विवश होना पड़ेगा और इसके लिए प्रशासन और सरकार में विभाग के जिम्मेदारी होगी। इतना ही नहीं ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या काफी लंबे समय से बरकरार है। आज दिन तक कोई भी समाधान नहीं किया गया है। बिजली के कट लगातार जारी हैं। पानी की भी समस्या बरकरार है। साथ लगते डंगोली क्षेत्र के नरेंद्र शर्मा और यशपाल का कहना है कि क्षेत्र में फसलों की सिंचाई के लिए पानी की स्कीम की व्यवस्था की गई है लेकिन बिजली सुचारु न होने की सूरत में फसल की भी सिंचाई नहीं हो पा रही है। फसल खत्म होने के कगार पर है। लोगों का कहना है कि जहां सरकार ने खनन पर रोक लगा रखी है, इसके बावजूद क्षेत्र से रात के अंधेरे में रोजाना 20 से 25 के करीब टिप्पर, ट्रक और ट्रैक्टर दौड़ रहे हैं। लोगों का रात को सोना भी हराम हो गया है और सड़क भी खराब हो गई है। इस बारे में बंगाणा के संबंधित विभाग के अधिकारियों को भी समस्या से अवगत करवाया गया है लेकिन कुछ नहीं हुआ।
बिजली बोर्ड ऊना सर्किल के अधीक्षण अभियंता ई. बलराज सांगर का कहना है कि इस संदर्भ में संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों से जवाब तलब किया जाएगा।
बाक्स
जलशक्ति विभाग सर्किल ऊना के अधीक्षण अभियंता ई नरेश धीमान का कहना है कि पेयजल की समस्या के संदर्भ में जानकारी मिली है। जल्द ही क्षेत्र के अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की जाएगी।