कोलकाता के संजय मित्तल करेंगे बाबा का गुणगान
मध्य प्रदेश से कनिका ग्रोवर व ऊना से नमिश बस्सी करेंगे बाबा की महिमा का बखान
संवाद न्यूज एजेंसी
संतोषगढ़ (ऊना)। नगर परिषद संतोषगढ़ में श्याम मित्र मंडल संतोषगढ़ (ऊना) की ओर से चतुर्थ श्याम वंदना महोत्सव की तैयारी को अंतिम रूप दे दिया गया है। शनिवार को संतोषगढ़ नगर में परशुराम चौक एवं पुरानी पानी की टंकी के समीप इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
श्री खाटू श्याम भव्य कीर्तन दरबार कार्यक्रम को लेकर मंडल से जुड़े सदस्यों ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। 24 मई को संतोषगढ़ नगर परिषद में मंडल की ओर से करवाए जाने वाले कीर्तन दरबार की तैयारियों के बारे में बताते हुए श्री श्याम मित्र मंडल के पदाधिकारी मुकेश बस्सी, मोहिंदर, सुमित चावला, हितेश, नंदन, वंश, साहिल मेहन, राकेश सोनी, अंकुश ने बताया कि ऊना जिला में चौथी बार करवाए जा रहे श्री श्याम बाबा (खाटू वाले) व सालासर बाला सहित कई देवताओं के भव्य स्वरूप और शृंगार के दर्शन आकर्षण का केंद्र रहेंगे। मित्र मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि कीर्तन का आयोजन संतोषगढ़ नगर में पुरानी पानी की टंकी एवं शनिदेव मंदिर के समीप किया जाएगा। कार्यक्रम में कोलकाता पश्चिम बंगाल से श्याम जगत के सुप्रसिद्ध भजन गायक संजय मित्तल, मध्य प्रदेश से भजन गायिका कनिका ग्रोवर व ऊना से नमिश बस्सी अपनी मधुर आवाज से खाटू वाले श्याम व बाला जी की महिमा का गुणगान करेंगे।