थानाकलां (ऊना)। राजकीय प्राथमिक पाठशाला छपरोह के मुख्याध्यापक शिव कुमार आज क्षेत्र ही नहीं बल्कि पूरे जिले में बाल केंद्रित एवं निस्वार्थ शिक्षा के सशक्त प्रतीक के रूप में पहचाने जाते हैं।
शिक्षा को सेवा मानकर कार्य करने वाले शिव कुमार ने बच्चों के सर्वांगीण विकास को अपने जीवन का उद्देश्य बनाया है।
उनकी शिक्षण पद्धति में बाल केंद्रित दृष्टिकोण, गतिविधि आधारित शिक्षण तथा बच्चों के लिए निशुल्क प्रतिस्पर्धी परीक्षा तैयारी को विशेष प्राथमिकता दी जाती है। शिव कुमार नवोदय विद्यालय, सैनिक स्कूल तथा राष्ट्रीय सैन्य विद्यालय की प्रवेश परीक्षाओं के लिए पाठशाला समय के बाद बच्चों को निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग प्रदान कर रहे हैं।
उनका यह प्रयास विशेष रूप से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए वरदान साबित हुआ है। इन निशुल्क कोचिंग कक्षाओं के माध्यम से अब तक 700 से अधिक बच्चों का चयन देश के विभिन्न प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में हो चुका है।