ऊना। भदसाली में खेत की सीमा पर लगे सीमेंट के पिलर तोड़ने और शिकायत करने जाते समय गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति-पत्नी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में भदसाली निवासी दलजीत सिंह ने बताया कि वह दो सितंबर दिन बुधवार को काम के सिलसिले में चंडीगढ़ गया हुआ था। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने उसे फोन कर बताया कि भदसाली निवासी संजीव कुमार और उसकी पत्नी ने उसके खेत की बाउंडरी पर लगे सीमेंट के पिलर तोड़ दिए हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार तीन सितंबर को घर लौटने के बाद वह मामले की शिकायत करने के लिए जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान संजीव कुमार और उसकी पत्नी ने उसके साथ गाली-गलौज की। डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस थाना हरोली में दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।