पंडोगा में लायंस क्लब फुटबाल प्रतियोगिता का आगाज
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। लायंस क्लब पंडोगा की ओर से आयोजित 14वीं सालाना फुटबाल प्रतियोगिता का आगाज वीरवार को हुआ। इस दौरान क्षेत्र के पूर्व सैनिकों को बतौर मुख्य अतिथि बुलाया गया। इनमें कैप्टन जगदेव सिंह, कैप्टन सुनील, पूर्व सैनिक जतिंद्र कुमार, तिलक राज, चेत राम, अश्वनी कुमार शामिल रहे। आयोजक कमेटी ने पूर्व सैनिकों का आभार जताते हुए उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किए। प्रतियोगिता के पहले दिन दो रोचक मुकाबले देखने को मिले। इसमें पहला मैच शहीद भगत सिंह क्लब पंडोगा और शाह क्लब खड्ड के बीच हुआ। इस मैच में शाह क्लब खड्ड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन गोल दागे। इसके जवाब में शहीद भगत सिंह क्लब कोई गोल नहीं कर पाया। यह मैच शाह क्लब ने 3-0 से अपने नाम किया। दूसरा मुकाबला फुटबाल क्लब अंबोटा और भंजाल के बीच खेला गया। इसमें अंबोटा की टीम 1-0 से विजेता रही। प्रतियोगिता में शुक्रवार को चार मुकाबले खेले जाएंगे। रविवार को सेमीफाइनल व फाइनल मुकाबले होंगे।
आयोजक कमेटी के अध्यक्ष रामपाल पाली, रामपाल पालू, सुशील कुमार, सचिव अंकुर सहित अन्य ने बताया कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए हर वर्ष खेल मुकाबले करवाए जाते हैं। कहा कि इससे गांव के युवाओं का खेलों के प्रति रुझान बना रहता है। आज के समय में युवाओं को नशे की दलदल से बचाने का एकमात्र विकल्प खेलें हैं।