फिलहाल बजट मंजूरी के इंतजार में है व्यवस्थाएं
अलग पेयजल योजना बनने से दूरदराज के घरों तक पहुंचेगा पर्याप्त पानी
जल शक्ति विभाग की ओर से दिया जा रहा है कार्य को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले के रायपुर बाड़े में अलग पेयजल योजना तैयार करने की योजना है। जल शक्ति विभाग ऊना मंडल-एक के अधिकारियों की ओर से क्षेत्र में योजना को तैयार करने के लिए बुनियादी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। क्षेत्रवासियों को सुचारु पेयजल सप्लाई को सुदृढ़ करने के लिए लगभग 87.27 लाख रुपये तक खर्च किए जाएंगे। इसके सिरे चढ़ने पर क्षेत्र की बड़ी आबादी को लाभ मिलेगा। हालांकि, यहां पर पहले से ही पेयजल टैंक हैं लेकिन पेयजल सुविधा को और सुदृढ़ करने के लिए विभाग की ओर से अनुसूचित जाति विकास कार्यक्रम (एससीडीपी) के तहत बनाया जाएगा। जल शक्ति विभाग ऊना के अधिकारियों के अनुसार योजना के कार्य को पूरा करने के लिए राशि स्वीकृति के लिए उच्च विभाग से मांग रखी गई है। राशि मिलने के तत्काल बाद इसके बचे कार्य को पूरा किया जाएगा। इससे रायपुर बाड़े के अलावा साथ लगते क्षेत्र एवं ईंट भट्ठों तक भी कामगारों तक पेयजल सप्लाई को हर मौसम में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करवाया जाएगा। गर्मियों के दिनों में थोड़ी बहुत पेयजल आपूर्ति जरूरत से कम रहती है।
रायपुर बाड़े में अलग पेयजल योजना को तैयार किया जाएगा। एससीडीपी के तहत योजना पर लगभग 87 लाख से ज्यादा की राशि खर्च होगी। आशा है कि राशि जल्द मिल जाएगी।
-ई. राजेश शर्मा, अधिशाषी अभियंता, जल शक्ति विभाग ऊना-एक