ऊना। स्विफ्ट चैट पोर्टल पर शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज न करवाने पर स्कूल प्रमुख अब नपेंगे। इस संदर्भ में शिक्षा सचिव ने उपनिदेशकों की आयोजित बैठक में जवाब तलब करते हुए सख्त निर्देश दिए हैं। इसमें स्कूल प्रमुखों को स्विफ्ट चैट पोर्टल पर शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज न करवाने को लेकर कारण स्पष्ट करने और दो दिन के भीतर सत्यापित प्रमाण पत्र पर स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए हैं। अन्यथा विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अधिकतर उपनिदेशकों की ओर से यह तर्क दिया गया कि अधिकांश मामलों में खराब इंटरनेट कनेक्टिविटी के कारण उपस्थिति दर्ज नहीं जा रही है। समेकित रिपोर्ट तैयार करके स्कूल प्रमुखों को उपनिदेशक के माध्यम से भेजने के निर्देश दिए हैं ताकि जो भी दिक्कतें स्विफ्ट चैट पोर्टल पर शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज करवाने में पेश आ रही है, उस दिशा में समय रहते उचित कार्रवाई अमल में लाई जा सके।
प्रारंभिक शिक्षा विभाग ऊना के उपनिदेशक सोमलाल धीमान का कहना है कि शिक्षा सचिव के साथ सभी उपनिदेशकों की बैठक में स्विफ्ट चैट पोर्टल पर उपस्थिति दर्ज न करवाने को लेकर निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी स्कूल प्रमुखों को वास्तविक स्थिति से फीडबैक देने के लिए सत्यापित प्रमाण पत्र में समेकित रिपोर्ट दो दिन के भीतर कार्यालय में जमा करवाने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश के अधिकांश दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में खराब इंटरनेट कनेक्टिविटी के कारण उपस्थिति दर्ज नहीं हो पा रही है। इसके बारे में संबंधित क्षेत्र के स्कूल प्रमुख को प्रमाण पत्र जारी करके वस्तु स्थिति से स्पष्ट करवाने के निर्देश दिए हैं ताकि समूचे स्कूलों की रिपोर्ट समायोजित करके अवश्य कार्यवाही के लिए शिक्षा विभाग को प्रेषित की जा सके।