ऊना। विदेश जाने से पहले वैक्सीनेशन करवाने आए लोगों ने क्षेत्रीय अस्पताल में हंगामा कर दिया। विदेश जाने से पहले कुछ लोग कोरोना की दूसरी डोज लगवाने आए थे। इसके अलावा कुछ लोग पहली डोज लगाने के लिए भी अस्पताल में जमा हो गए।
इस पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सभी को वैक्सीन लगाने से इंकार कर दिया। इसके बाद लोगों ने विरोध जताना शुरू कर दिया। हालांकि बाद में हंगामा बढ़ता देख उपायुक्त और सीएमओ के निर्देश के बाद सभी को वैक्सीन के डोज लगवाई गई।
सरकार ने विदेश जाने से पहले कोविड वैक्सीनेशन लगवाने के दिशा निर्देश दिए हैं। इस पर जिला स्वास्थ्य विभाग ने विदेश जाने वालों को दूसरी डोज के लिए अस्पताल बुलाया गया था। सही प्रकार से सूचना न मिलने के कारण पहली डोज लगवाने के लिए भी लोग अस्पताल पहुंच गए। इस दौरान जब स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने वैक्सीन लगाने के लिए मना कर दिया तो लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया है।
इसको लेकर लोग मुख्य चिकित्सा अधिकारी के पास जा पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने उपायुक्त को सूचित किया। बाद में मामला शांत करते हुए अस्पताल में विदेश जाने वाले सभी लोगों को वैक्सीन लगाई गई। इस संबंध में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. निखिल शर्मा ने बताया कि शनिवार को केवल कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लगाने के लिए विदेश जाने वाले लोगों को बुलाया था। इस दौरान पहली डोज लगाने के लिए भी लोग अस्पताल पहुुंच गए। उपायुक्त और सीएमओ के निर्देशों के बाद सभी को वैक्सीन लगा दी गई है।