राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय दौलतपुर चौक में डिजिटल साक्षरता शिविर कार्यक्रम में मौजूद लोग।संवा
दौलतपुर चौक (ऊना)। राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय दौलतपुर चौक में डिजिटल साक्षरता शिविर हुआ। कार्यक्रम में गगरेट के विधायक राकेश कालिया मुख्यातिथि रहे। एसडीएम गगरेट सौमिल गौतम की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में डीएसपी अंब वसुधा सूद, एसएचओ अंब गौरव भारद्वाज ने साइबर अपराध और ऑनलाइन सुरक्षा, साइबर बदमाशी, फर्जी समाचार, विज्ञापन, वेब, सोशल मीडिया शिष्टाचार और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के बारे में लोगों को जागरूक किया।
डीएसपी अंब वसुधा सूद ने कहा कि वर्ष 2023 में अकेले हिमाचल प्रदेश में डिजिटल ठगी की पांच हजार शिकायतें दर्ज की गई हैं। इनमें लगभग 450 करोड़ रुपये की ठगी हुई है। टेक्नोलॉजी के तेजी से विस्तार के साथ दुनिया काफी आसान हो गई है। लेकिन इसके साथ ही कई तरह के नए जोखिम एवं चुनौतियां सामने आई हैं। केवल नई तकनीक के प्रयोग करने की जानकारी होना ही काफी नहीं है, बल्कि लोगों को इसके सही इस्तेमाल करने की जानकारी होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि हम डिजिटल साक्षरता के अभाव में साइबर क्राइम को स्वयं बढ़ावा दे रहे हैं। साइबर क्राइम के मास्टर माइंड व्यक्तियों के लालच में आकर हम ऐसा निजी डाटा साझा कर देते हैं, जिनका नतीजा न केवल हमें भारी आर्थिक हानि के रूप में, परंतु सामाजिक शर्म के रूप में भी भुगतना पड़ रहा है।
इस मौके पर एसडीएम सौमिल गौतम ने भी उपस्थित लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म के बारे में भी जागरूक किया। इस मौके पर गगरेट ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर, प्रवक्ता गगरेट ब्लॉक कांग्रेस अनिल डडवाल, तहसीलदार घनारी कुलताज, कॉलेज प्राचार्य युद्धवीर सिंह पटियाल और समस्त स्टाफ मौजूद रहा।