मुख्यालय के साथ लगते गांव भड़ोलियां कलां में बरसाती पानी की निकासी न होने से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आलम यह है कि बरसाती पानी की निकासी न होने से सड़क तालाब में तबदील हो गई है।
सड़क की हालत भी खस्ता होने से राहगीरों सहित दोपहिया वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों पूर्व उपप्रधान भड़ोलियां कलां पंकज वशिष्ट, शशिपाल, सौरभ वशिष्ट, रवि, हरि सिंह, रजनी बाला, सुरजीत, सुमन, पूर्व प्रधान अभिनाश, शालू सहित अन्य ने आरोप लगाया कि गांव के ही एक प्रभावशाली व्यक्ति ने सड़क से निकलने वाले बरसाती पानी की निकासी में रोक लगा रखी है। इसके चलते बारिश का पानी सड़क पर इकट्ठा हो रहा है। पानी एकत्रित होने से उनको भारी दिक्कतें पेश आ रही हैं।
उन्होंने बताया कि जहां पर पानी एकत्रित हुआ है, वहां से रोजाना लोगों की आवाजाही लगी रहती है। इसके साथ ही शिव मंदिर, सरकारी डिस्पेंसरी, स्कूल, रामलीला मैदान, आंगनबाड़ी केंद्र सहित अन्य सरकारी और गैर सरकारी कार्यालय भी यहां स्थित हैं, जहां पर लोगों का आना-जाना लगा रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले एक महीने से बरसाती पानी की निकासी न होना उनके लिए परेशानी सबब बनी हुई है। पंचायत स्तर पर भी कई बार समस्या से अवगत करवाने के बावजूद आज दिन तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। ग्रामीणों ने लोनिवि को चेतावनी देते हुए कहा है कि गांव में पेश आ रही बरसाती पानी की निकासी की समस्या हल नहीं की गई तो ग्रामीण आंदोलन करने पर मजबूर हो जाएंगे। उधर, ग्राम पंचायत के उपप्रधान अनुराग ने कहा कि बरसाती पानी की निकासी की समस्या को लेकर प्रस्ताव पारित कर भेजा गया है। शीघ्र समस्या का हल कर दिया जाएगा। लोनिवि के एसडीओ दीपक ने कहा कि समस्या को लेकर शीघ्र उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।