ऊना के पूराना बस स्टैंड में बैठक में मौजूद पूर्व एचआरटीसी कर्मी।संवाद
ऊना। हिमाचल पथ परिवहन कल्याण संगठन ऊना की मासिक बैठक शुक्रवार को जिला प्रधान किशोरी लाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक की शुरुआत में सुग्रीवानंद महाराज के निधन पर दो मिनट का मौन रखा गया।
प्रधान किशोरी लाल ने कहा कि सात तारीख हो चुकी है, लेकिन सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अब तक पेंशन नहीं मिली है। उन्होंने याद दिलाया कि 12 अक्टूबर 2024 को मुख्यमंत्री ने पेंशनरों के चिकित्सा बिलों के लिए 9 करोड़ रुपये जारी करने की घोषणा की थी, लेकिन अब तक कोई भुगतान नहीं हुआ है।
उन्होंने सरकार से इस पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि सरकार पेंशनरों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लेती तो संयुक्त संघर्ष समिति आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी। बैठक में महासचिव सतपाल शर्मा, सहदेव, कश्मीर सिंह, बलबीर सिंह, रामनाथ, बृज कुमार, रमेश सिंह, हेमराज, हरि कृष्ण, भागमल सहित कई सेवानिवृत्त कर्मचारी मौजूद रहे।