एचपीडीएमआईएस पोर्टल पर फोटो सहित अपलोड करना होगा दैनिक ब्योरा, शिक्षा विभाग ने जारी किए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच सरकारी और निजी स्कूलों को अब भवनों और परिसरों में होने वाले नुकसान की जानकारी प्रतिदिन जिला प्रशासन तक पहुंचानी होगी। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक ऊना ने सभी बीईईओ, राजकीय माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालयों के प्रभारियों और निजी स्कूलों के मुखियाओं को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के निर्देशों के तहत स्कूलों को बारिश से होने वाले नुकसान का दैनिक विवरण हिमाचल प्रदेश डिजास्टर मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम (एचपीडीएमआईएस) पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। इसके लिए संबंधित स्कूलों को यूजर आईडी, पासवर्ड और पोर्टल संचालन संबंधी यूजर मैनुअल उपलब्ध करवाया गया है।
जारी निर्देशों के अनुसार स्कूल भवन, कक्षाओं, चारदीवारी, खेल मैदान, संपर्क मार्ग या अन्य परिसंपत्तियों को बारिश से हुए नुकसान की रिपोर्ट फोटो सहित प्रतिदिन सुबह 11 बजे तक पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। इसके बाद ही यह रिपोर्ट जिला प्रशासन और राज्य सरकार तक पहुंचेगी।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि अब बारिश से हुए नुकसान की जानकारी व्हाट्सएप ग्रुप या ई-मेल के माध्यम से नहीं भेजी जाएगी। सभी सूचनाएं निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल पर ही दर्ज करनी होंगी, ताकि नुकसान का सही आकलन समय पर किया जा सके।
नियमित अपलोड करना होगा विभागीय नुकसान का ब्योरा
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने विभाग में बारिश से होने वाले नुकसान का दैनिक विवरण नियमित रूप से एचपीडीएमआईएस पोर्टल पर अपलोड करें। समय पर रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक विभाग को एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने और उसका नाम, मोबाइल नंबर व ई-मेल आईडी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
ऑनलाइन पोर्टल पर समयबद्ध तरीके से अपलोड होने वाली जानकारी के आधार पर बारिश से हुए नुकसान का त्वरित आकलन किया जाएगा। इससे राहत और पुनर्स्थापना कार्यों में तेजी आएगी और राज्य सरकार को वास्तविक स्थिति से समय रहते अवगत करवाया जा सकेगा। -सोम लाल धीमान, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक