संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल में व्यवस्थाएं राम भरोसे ही चल रही हैं। अस्पताल परिसर में उपचार से पूर्व पर्ची बनाने के लिए मरीजों और तीमारदारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से दो पर्ची काउंटर की व्यवस्था की गई है, लेकिन यह नाकाफी साबित हो रहे हैं। आलम यह है कि सुबह पर्ची काउंटर खुलते ही भीड़ जमा हो जाती है। इससे पर्ची कटवाने के लिए ही मरीजों को कतार में खड़े रहकर इंतजार करना पड़ता है। अस्पताल प्रबंधन की तरफ से इस समस्या को दूर करने के लिए अतिरिक्त खिड़की खोलने का आश्वासन कई बार दिया जा चुका है। इसके बावजूद अभी तक पर्ची काउंटर पर अतिरिक्त खिड़की नहीं खुल पाई है।
क्षेत्रीय अस्पताल में मरीजों को पर्ची कटवाने के लिए ही भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या पर अस्पताल प्रबंधन अभी तक कोई कार्यवाही करने में नाकाम साबित रहा है। हालत यह है कि अस्पताल में रोजाना सुबह के समय पर्ची काउंटर के बाहर मरीजों और तीमारदारों की भारी भीड़ जुटना शुरू हो जाती है। इस दौरान न तो सामाजिक दूरी का नियम का पालन नहीं हो पाता। मरीज और तीमारदार काउंटर के बाहर खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहते हैं। इससे बुजुर्ग मरीजों को सबसे अधिक परेशानी होती है।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस समस्या को दूर करने के लिए अतिरिक्त पर्ची खिड़की लगाने को लेकर कई बार फैसला लिया जा चुका है, लेकिन अभी तक इस मामले में कोई कार्यवाही नहीं हो पाई है।
शुक्रवार को उपचार के लिए पहुंचे केहर सिंह, मंगल राम, किशन चंद, चरण दास और सोमनाथ का कहना है कि अस्पताल प्रबंधन को दो पर्ची काउंटर के साथ एक अतिरिक्त पर्ची काउंटर लगाना चाहिए। इससे कम समय में पर्ची बनाकर मरीज उपचार के लिए ओपीडी में जा सकता है।
इस संबंध में क्षेत्रीय अस्पताल के कार्यकारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बिपन शर्मा ने कहा कि मामला उनके ध्यान में आया है। पर्ची काउंटर पर तीसरी खिड़की खोलने के लिए नया कंप्यूटर सिस्टम लेने के लिए प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही तीसरी खिड़की की व्यवस्था की जाएगी।