फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una News: जूट के फाइल कवर बनाकर आत्मनिर्भर बनीं ककराना की रीना

Sun, 12 Apr 2026 01:07 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊना
विज्ञापन
जूट से तैयार फाइल कवर। संवाद - फोटो : 1
विज्ञापन
नारी (ऊना)। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत प्रशिक्षण लेकर क्षेत्र की महिलाएं आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से कदम बढ़ा रही हैं। इसी कड़ी में ककराना की रीना ने जूट के ऑफिस फाइल कवर बनाकर अपनी अलग पहचान बनाई है। घर पर ही उत्पाद तैयार कर वह हर माह करीब 15 हजार रुपये की आय अर्जित कर रही हैं।
विज्ञापन


रीना ने मास्टर ट्रेनर पूनम कुमारी से प्रशिक्षण प्राप्त कर जूट उत्पाद बनाने में महारत हासिल की। वर्तमान में वह जूट के फाइल फोल्डर और ऑफिस फाइल कवर तैयार कर रही हैं, जिनकी सप्लाई बंगाणा तहसील के विभिन्न सरकारी व निजी कार्यालयों में की जा रही है। रीना बताती हैं कि एक मीटर जूट से तीन फाइल फोल्डर और तीन ऑफिस फाइल कवर तैयार किए जा सकते हैं। तैयार उत्पादों पर आकर्षक डेकोरेशन भी किया जाता है। एक फाइल फोल्डर 130 से 150 रुपये तक बिक जाता है जबकि बेहतर गुणवत्ता वाले तीन ऑफिस फाइल कवर करीब 100 रुपये में बिकते हैं। इस काम में उन्हें लागत का लगभग 30 से 35 प्रतिशत तक मुनाफा मिल जाता है।
उन्होंने बताया कि जूट पश्चिम बंगाल और बिहार जैसे राज्यों से ऑनलाइन मंगवाया जाता है, जिसकी कीमत 150 से 250 रुपये प्रति मीटर के बीच होती है। करीब एक वर्ष से इस कार्य से जुड़ी रीना अब पूरी तरह आत्मनिर्भर बन चुकी हैं। रीना के साथ करीब 10 महिलाओं का एक समूह भी जुड़ा हुआ है जो मिलकर उत्पाद तैयार करता है और ऑर्डर की पूर्ति करता है। कई बार ऑनलाइन माध्यम से भी ऑर्डर मिल रहे हैं, जिन्हें समय पर पूरा किया जा रहा है।
विज्ञापन


मास्टर ट्रेनर पूनम कुमारी का कहना है कि जूट आसानी से ऑनलाइन उपलब्ध हो जाता है लेकिन इस कार्य में मेहनत अधिक लगती है। अब तक वह करीब 10 महिला समूहों को प्रशिक्षण दे चुकी हैं। पहले जो महिलाएं केवल घरेलू कार्यों तक सीमित थीं, आज वे आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं। आगे भी अधिक से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

जूट से तैयार फाइल कवर। संवाद- फोटो : 1

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें