ट्रक और टैक्सी यूनियन को भी किया जाएगा जागरूकता कार्यक्रम में शामिल
विभाग ने सभी स्वास्थ्य खंडों में अभियान चलाने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले में रेड रिबन क्लब की तरफ से जिलेभर में जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सभी स्वास्थ्य खंड अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। वर्तमान में जिलेभर में 26 रेड रिबन क्लब कार्य कर रहे हैं। यह क्लब जिले भर में विभिन्न स्थानों पर जागरुकता कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इस दौरान लोगों को एड्स से बचाव पर जागरूक किया जाएगा। जिले को एड्स मुक्त बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत विभिन्न स्थानों पर जागरुकता शिविर आगामी दिनों आयोजित किए जाएंगे। रेड रिबन क्लब के अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी इस अभियान का सफल बनाने के लिए कार्य करेंगी। इस दौरान ट्रक और टैक्सी यूनियनों के साथ मिलकर इस अभियान को चलाया जाएगा। जिले में बाहरी क्षेत्रों से काम से सिलसिले में आए प्रवासियों को इस अभियान का हिस्सा बनाया जाएगा। इससे पूर्व स्वास्थ्य विभाग की तरफ से भी जागरुकता शिविरों का आयोजन किया गया था। अब विभाग की तरफ से इस अभियान के लिए रेड रिबन क्लब को शामिल किया गया है। इस अभियान के दौरान हाई रिस्क आबादी पर फोकस किया जाएगा। उनकी एचआईवी टेस्टिंग और काउंसलिंग की जाएगी।
बॉक्स
स्कूल और कॉलेजों में भी लगेंगे शिविर
एचआईवी को लेकर स्कूलों और कॉलेजाें में भी जागरुकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए स्कूल और कॉलेज प्रबंधन को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। विद्यार्थियों की तरफ से स्कूलों में विभिन्न प्रकार की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसका मकसद विद्यार्थियों को एड्स के प्रति जागरूक करना रहेगा ताकि वह समाज के अन्य लोगाें को भी इसे लेकर जागरूक कर सकें।
कोट्स
एडस के प्रति जागरुकता को लेकर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए रेड रिबन क्लब भी अपनी अहम भूमिका निभाएगा। इसका मकसद अधिक से अधिक लोगों को एड्स के प्रति जागरूक करना है।
डाॅ. विशाल कुमार, जिला एड्स कार्यक्रम अधिकारी ऊना