ऊना। बाल विकास परियोजना धुंदला के तहत आंगनबाड़ी केंद्र तनोह, नेरी, अघलौर, तही, सरोह, पिपलू, भलौण, बलदोह, पंजोडा, बडूही-1 और नलवाडी में आंगनबाड़ी वर्करों का एक-एक पद भरा जाएगा। इसके अतिरिक्त आंगनबाड़ी केंद्र डोलू, अलसाहन, रछोह, चपलाह, टकोली-1, टकोली-2, जोल, छपरोह, टीहरा-1, सकौण, सन्हाल, त्यार-1, धरैत डैम, तनोह, तुरेटा, त्यासर, चैकी-1, बडूहा-1, दनोह, हटली केसरू, बग्गी, कोटला, भलेती, कुसाणा रणौता और चैगाठ में सहायिकाओं का एक-एक पद भरा जाएगा। इस बारे जानकारी देते हुए बाल विकास परियोजना अधिकारी धुंदला रूपेश कुमार ने बताया कि आंगनबाड़ी वर्करों के 11 और सहायिकाओं के 25 पदों के लिए इच्छुक अभ्यार्थी 9 अगस्त सायं 5 बजे तक सादे कागज पर अपना आवेदन बाल विकास अधिकारी धुंदला स्थित मिनी सचिवालय बंगाणा में जमा करवा सकते हैं।
योग्यता एवं मानदंड
रूपेश ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी सहायिका हेतु न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास निर्धारित की गई है। आवदेन करने की अंतिम तिथि तक प्रार्थी की आयु 9 अगस्त, 2024 तक 18 से 35 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के लाभान्वित परिक्षेत्र (फीडर एरिया) का सामान्य निवासी होना चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रार्थी के परिवार की वार्षिक आय 50 हजार से अधिक नहीं होनी चाहिए, जिसका प्रमाण पत्र नायब तहसीलदार/तहसीलदार/कार्यकारी मजिस्ट्रेट अधिकारी द्वारा प्रमाणित/प्रति हस्ताक्षरित होना चाहिए। प्रार्थी हिमाचल प्रदेश का स्थाई निवासी होना चाहिए, जिसका प्रमाणपत्र समक्ष अधिकारी द्वारा जारी किया गया हो। इसके बाद किसी भी आवेदक/अभ्यर्थी से आवेदन/दस्तावेज प्राप्त नहीं किया जाएगा।