ग्राम पंचायत पंजावर निचला में ऊना गगरेट सड़क मार्ग पर जमा बरसाती पानी व मौके पर मौजूद दुकानदार।
पंडोगा (ऊना)। हरोली विधानसभा क्षेत्र में सोमवार को हुई बारिश के बाद पंजावर मुख्य बाजार में जलभराव हो गया। नालियों की सफाई और पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी दुकानों के साथ बाजार स्थित शिव मंदिर में भी पानी घुस गया। इस घटना से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भारी रोष है। जानकारी के अनुसार दुकानों में पानी घुसने से व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि जलभराव की समस्या नई नहीं है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई बार प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मौखिक व लिखित रूप से अवगत कराया लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। स्थानीय व्यापारियों और लोगों में चंदन आंगरा, राज पुरी, नरेंद्र सहित अन्य का आरोप है कि यदि समय रहते नालियों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था सही की जाती तो बाजार में जलभराव की समस्या का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि बाजार में भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए स्थायी जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त की जाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस संबंध में ग्राम पंचायत पंजावर लोअर के प्रधान प्रमोद कुमार का कहना है कि समस्या ध्यान में है, पानी की निकासी करवा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए जल्द ही ठोस कदम उठाए जाएंगे।
बारिश का पानी इस बार दुकानों के साथ शिव मंदिर में भी घुस गया। समय रहते नालियों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था होती तो यह स्थिति नहीं बनती। प्रशासन को लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेकर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।
-नरेंद्र पुरी, दुकानदार
.................
हमने कई बार प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हर बारिश में बाजार जलमग्न हो जाता है और हमें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। अब प्रशासन को स्थायी समाधान करना चाहिए।
-चंदन आंगरा, दुकानदार
ग्राम पंचायत पंजावर निचला में ऊना गगरेट सड़क मार्ग पर जमा बरसाती पानी व मौके पर मौजूद दुकानदार।
ग्राम पंचायत पंजावर निचला में ऊना गगरेट सड़क मार्ग पर जमा बरसाती पानी व मौके पर मौजूद दुकानदार।
ग्राम पंचायत पंजावर निचला में ऊना गगरेट सड़क मार्ग पर जमा बरसाती पानी व मौके पर मौजूद दुकानदार।